दुनिया के सर्वकालिक महान सलामी बल्लेबाज और केवल पांच फुट साढे चार इंच के सुनील गावस्कर ने अपनी कुशल तकनीक, एकाग्रता और शानदार डिफेन्स के कारण अपने जमाने के खौफनाक गेंदबाजों के खिलाफ ढेरों रन बनाये.
विस्तार
फ्रंट हो या बैकफुट वह क्रीज का बहुत अच्छा उपयोग करते थे. उनका प्रत्येक स्ट्रोक किताबी होता था और यही वजह है जब दुनिया भर के बल्लेबाज वेस्टइंडीज के तूफानी गेंदबाजों से दहशतजदा रहते थे तब उन्होंने उनके खिलाफ 13 शतक ठोके और 2749 रन बनाये.
इसके अलावा उन्होंने इंग्लैंड और पाकिस्तान के खिलाफ भी 2000 से अधिक टेस्ट रन बनाये और तब इन दोनों टीमों के पास भी कुछ आला दर्जा के तेज गेंदबाज थे. गावस्कर ने अपने टेस्ट कैरियर की स्वर्णिम शुरुआत की थी.
वह 1971 की ऐतिहासिक श्रृंखला में वेस्टइंडीज दौरे पर गये और उन्होंने अपने पहले दौरे में ही चार मैच में 774 रन बना दिये थे जिसमें चार शतक भी शामिल थे. अपनी पहली श्रृंखला में इतने अधिक रन बनाने का रिकार्ड अब भी गावस्कर के नाम पर है.
अपने कैरियर का सर्वाधिक स्कोर 236 रन भी उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ ही बनाये थे. गावस्कर ने अपने पहले 50 टेस्ट मैच में ही 20 शतक बना लिये थे. इतने टेस्ट मैच तक केवल डान ब्रैडमैन ही उनसे बेहतर प्रदर्शन कर पाये थे.
दस जुलाई 1949 को मुंबई में जन्मे गावस्कर टेस्ट क्रिकेट में 10,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज थे. एक समय उनके नाम पर टेस्ट मैचों में सर्वाधिक रन और सर्वाधिक शतक का रिकार्ड दर्ज था जो कि अब मुंबई के ही एक अन्य धुरंधर बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम पर दर्ज है.
गावस्कर ने 125 टेस्ट मैच में 51.12 की औसत से 10,122 रन बनाये, जिसमें 34 शतक शामिल हैं. दायें हाथ के इस दिग्गज बल्लेबाज ने 108 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जिनमें 3092 रन बनाये. प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनके नाम पर 25 हजार से अधिक रन दर्ज हैं.
दूसरे नाम और खोज-शब्द
जुड़े विषय
🧠 अब GK में परखें
🛡️ SANGOPANG ज्ञानकोष · संपादकीय समीक्षा: अक्टूबर 2026
कोई त्रुटि/विसंगति हो तो कृपया बताएं!
