SANGOPANG

रंगीला

Rangeela (1995) · सिनेमा

फिल्मसिनेमा
सार

वर्ष 1995 में प्रदर्शित “रंगीला” कई मामलों में अनूठी थी.

प्रदर्शन वर्ष1995
निर्देशकराम गोपाल वर्मा
संगीतए.आर. रहमान

विस्तार

पहली बार इस फिल्म में दर्शकों को प्रयोगधर्मी निर्देशक रामगोपाल वर्मा और रचनात्मक अभिनेता आमिर खान की जुगलबंदी देखने को मिली. अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर भी फिल्म में बेहद मादक अंदाज में दर्शकों के रूबरू हुई और उन्हें अपना दीवाना बना दिया. यह ऐ. आर. रहमान की भी संगीतकार के रूप में पहली विशुद्ध हिंदी फिल्म थी.

इससे पहले प्रदर्शित हुई फिल्मों में उनकी तमिल फिल्मों की धुनों पर हिंदी बोलों के साथ पेश किया गया था. “रंगीला” ने बॉक्स ऑफिस पर खूब कामयाबी हासिल की. फिल्म की कहानी रामगोपाल वर्मा की थी और संवाद लिखे संजय छैल और नीरज वोहरा ने.

फिल्म एक टपोरी नौजवान मुन्ना (आमिर खान) और उसकी दोस्त मिली (उर्मिला) की प्रेम कहानी थी. कहानी में मोड़ तब आता है जब मिली को फिल्म में हीरोइन की भूमिका मिल जाती है और फिल्म का नायक कमल कुमार (जैकी श्रॉफ) मिली से प्यार करने लग जाता है. इस प्रेम त्रिकोण का निर्माण और निर्देशन किया खुद वर्मा ने.

आमिर खान और उर्मिला मातोंडकर के अलावा फिल्म में जैकी श्रॉफ, गुलशन ग्रोवर, अवतार गिल, अच्युत पोतदार, रीमा लागू, शम्मी और राजेश जोशी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई. फिल्म में ए. आर. रहमान की धुनों को शब्दों से सजाया महबूब ने. फिल्म का संगीत बेहद लोकप्रिय हुआ.

“तन्हा तन्हा”, “हाय राम”, “हो जा रंगीला रे”, “क्या करें क्या ना करें”, “यारो सुन लो जरा” और “प्यार ये जाने कैसा है” जैसे गीत संगीत प्रेमियों के दिलोंदिमाग पे छा गए. फिल्म के लिए रहमान ने सर्वश्रेष्ठ संगीतकार का फिल्मफेयर जीता. इसके साथ साथ जैकी श्रॉफ ने भी फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का फिल्मफेयर अपने नाम किया.

“रंगीला” के जरिये वर्मा ने हिंदी फिल्म उद्योग को पूरी ईमानदारी के साथ परदे पर प्रस्तुत किया है. दर्शकों को “रंगीला” में उर्मिला की मदहोश कर देने वाली अदाएं, आमिर खान की बेहतरीन अदाकारी और रहमान का जादुई संगीत एक साथ मिले. इसी के चलते फिल्म वर्ष 1995 की सबसे कामयाब फिल्मों में शुमार की जाती है.

दूसरे नाम और खोज-शब्द

Rangeelarangilaतन्हा तन्हायारो सुन लो जराप्यार ये जाने कैसा है

जुड़े विषय

🧠 अब GK में परखें

🛡️ SANGOPANG ज्ञानकोष · संपादकीय समीक्षा: अक्टूबर 2026
कोई त्रुटि/विसंगति हो तो कृपया बताएं!