वर्ष 2002 में प्रदर्शित हुई निर्देशक रामगोपाल वर्मा की फिल्म “कम्पनी” अपराध सरगना दाउद इब्राहीम और छोटा राजन की गैंगवार पर आधारित थी.
विस्तार
वर्मा इससे पहले मुंबई अंडरवर्ल्ड पर आधारित “सत्या” जैसी बेहतरीन फिल्म बना चुके थे. “कम्पनी” दर्शकों को अपराध जगत की काली अंधेरी दुनिया के रहस्यों से दो चार करवाती है. फिल्म का निर्माण वर्मा, बोनी कपूर और सी. अश्विनी दत्त ने मिलकर किया.
फिल्म की कहानी जयदीप साहनी ने लिखी और फिल्म में मुख्य भूमिकाएं निभाई अजय देवगन, मनीषा कोइराला, विवेक ओबेरॉय (पहली फिल्म), अंतरा माली, मोहन लाल, सीमा बिस्वास, आकाश खुराना, राजपाल यादव, मदन जोशी, विजय राज, मुकेश भट्ट, भरत ढाबोलकर, गणेश यादव, अशरफ उल हक, अक्षय वर्मा, मनोज गोयल और अतिथि भूमिकाओं में उर्मिला मातोंडकर और ईशा कोप्पीकर.
फिल्म का संगीत संदीप चौटा ने दिया और गीत लिखे नितिन रायकर, तबिश रोमानी और जयदीप साहनी ने. फिल्म के “गन्दा है पर धंधा है ये” और “खल्लास” जैसे गीत बेहद लोकप्रिय हुए.
फिल्म में “चंदू” की भूमिका में विवेक ओबेरॉय ने अपनी पहली ही फिल्म में गजब का अभिनय किया और सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ पदार्पण का फिल्मफेयर अपने नाम किया. इसके साथ साथ जयदीप साहनी को सर्वश्रेष्ठ कहानी और सर्वश्रेष्ठ संवादों के लिए और चन्दन अरोड़ा को सर्वश्रेष्ठ संपादन (संयुक्त रूप से) के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार प्राप्त हुए.
फिल्मफेयर की क्रिटिक्स चॉईस श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार भी “कम्पनी” के लिए अजय देवगन (संयुक्त रूप से) और मनीषा कोइराला (संयुक्त रूप से) की झोली में गया.
कसावट भरी पटकथा, अभिनेताओं के शानदार अभिनय और कुशल निर्देशन के बल पर “कम्पनी” समीक्षकों को बेहद पसंद आई और बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने अच्छी सफलता प्राप्त की.
दूसरे नाम और खोज-शब्द
जुड़े विषय
🧠 अब GK में परखें
🛡️ SANGOPANG ज्ञानकोष · संपादकीय समीक्षा: अक्टूबर 2026
कोई त्रुटि/विसंगति हो तो कृपया बताएं!
