एक नैसर्गिक बल्लेबाज जिसके विस्फोटक तेवरों और करारे शाट के सामने दुनिया भर के गेंदबाज कांपते रहे हैं.
विस्तार
दिल्ली के बाहरी क्षेत्र के गांव नजफगढ़ में 20 अक्तूबर 1978 को जन्मे और वहीं पले बढ़े वीरेंद्र सहवाग ने अपने बेपरवाह और विस्फोटक अंदाज से बल्लेबाजी को नया स्वरूप प्रदान किया. उनके बैकफुट पंच और स्लैश इतने करारे होते हैं कि गेंद सीधे सीमा रेखा के ही दर्शन करती है.
सहवाग का बहुत सरल रणनीति रहती है कि कम से कम समय में अधिक से अधिक रन बनाना. पिच, विपक्षी आक्रमण या परिस्थिति उनके लिये कोई मायने नहीं रखता. वह हमेशा अपने नैसर्गिक अंदाज में ही बल्लेबाज करते हैं. इसका सबूत है कि उन्होंने अपना पहला तिहरा शतक छक्के से पूरा किया था.
सहवाग ने दक्षिण अफ्रीका के ब्लोमफोंटेन की तेज पिच पर टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया तथा शतक जड़ा. यह उनके विस्फोटक तेवरों का ही कमाल था कि सचिन तेंदुलकर जैसे बल्लेबाज, जिन्हें वह अपना आदर्श मानते हैं, ने वनडे में उनके लिये ओपनर की जगह छोड़ दी थी.
बाद में सौरव गांगुली ने उन्हें अपनी जगह पर पारी का आगाज करने के लिये भेजा. सहवाग ने टेस्ट मैचों में मध्यक्रम के बल्लेबाज के रूप में शुरुआत की लेकिन बाद में उन्हें सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभानी पड़ी. टेस्ट और एकदिवसीय दोनों तरह के प्रारूप में उनके नाम पर 8000 से अधिक रन दर्ज हैं.
मार्च 2004 में सहवाग ने पाकिस्तान के खिलाफ मुल्तान में 309 रन बनाये और टेस्ट मैचों में तिहरा शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने. इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2008 में चेन्नई में उन्होंने 319 रन बनाये तथा दो तिहरे शतक जड़ने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हुए.
उनसे पहले केवल डान ब्रैडमैन और ब्रायन लारा ही यह कमाल दिखा पाये थे जबकि बाद में क्रिस गेल भी इस श्रेणी में शामिल हुए. वह 2009 में श्रीलंका के खिलाफ मुंबई में तीसरे तिहरे शतक के करीब पहुंचे थे लेकिन केवल सात रन से इससे चूक गये थे.
उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2011 में इंदौर में 219 रन बनाकर एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक पारी में सर्वाधिक रन बनाने का रिकार्ड अपने नाम किया, जिसे बाद में रोहित शर्मा ने तोड़ा. अक्तूबर 2015 में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया.
दूसरे नाम और खोज-शब्द
जुड़े विषय
🧠 अब GK में परखें
🛡️ SANGOPANG ज्ञानकोष · संपादकीय समीक्षा: अक्टूबर 2026
कोई त्रुटि/विसंगति हो तो कृपया बताएं!
